कोटा नगर निकाय चुनाव को लेकर निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी है। कोटा नगर निगम क्षेत्र में मतदान कार्य के लिए गठित किए जाने वाले मतदान दलों का रेंडमाइजेशन आज पूरा किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी पीयूष समारिया की मौजूदगी में निर्वाचन विभाग के इलेक्शन मैनेजमेंट सिस्टम सॉफ्टवेयर के माध्यम से यह प्रक्रिया पूरी हुई। रेंडमाइजेशन के तहत कुल 965 मतदान दलों का गठन किया जाना है। इनमें 815 सक्रिय मतदान दल और 150 रिजर्व मतदान दल शामिल हैं। मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार मतदान दलों का चयन और आवंटन रेंडमाइजेशन प्रक्रिया से किया गया। इसके चलते किसी कर्मचारी की मनमाने तरीके से इलेक्शन ड्यूटी नहीं लगेगी। ड्यूटी निर्धारित करने में पारदर्शिता आती है निर्वाचन विभाग के अनुसार, रेंडमाइजेशन के जरिए मतदान दलों की ड्यूटी निर्धारित करने में पारदर्शिता बनी रहती है। सॉफ्टवेयर के माध्यम से दलों का चयन किए जाने से किसी विशेष कर्मचारी को मनमाने तरीके से किसी क्षेत्र में तैनात करने की संभावना नहीं रहती। रेंडमाइजेशन के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश जोशी, रिटर्निंग अधिकारी रवि वर्मा, मतदान दल प्रभारी अधिकारी मुकेश चौधरी और जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मनीष शर्मा मौजूद रहे। अधिकारियों ने चुनाव संबंधी तैयारियों और मतदान व्यवस्था को लेकर प्रक्रिया की निगरानी की। नगर निगम चुनाव को लेकर अब मतदान दलों की आगामी तैयारियों और प्रशिक्षण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी। निर्वाचन विभाग का लक्ष्य मतदान व्यवस्था को व्यवस्थित और सुचारु तरीके से संपन्न कराना है।