कोटा के नांता थाना क्षेत्र में जहरीले सांप के डसने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। दोनों घटनाएं अलग-अलग खेतों में हुईं। पहली घटना बड़गांव चौकी के पास की है, जहां खेत पर रह रहे 5 वर्षीय प्रशांत और उसकी 35 वर्षीय मां प्यारी बाई को शनिवार सुबह जहरीले सांप ने डस लिया। दोनों को इलाज के लिए कोटा के जेके लोन अस्पताल लाया गया। यहां इलाज के दौरान प्रशांत की मौत हो गई, जबकि उसकी मां प्यारी बाई का इलाज चल रहा है। बच्ची के हाथ पर सांप के काटने के निशान मिले वहीं, दूसरी घटना पार्श्वनाथ अपार्टमेंट इलाके के पास के खेत की है। यहां रहने वाली 9 साल की किंशु सुबह उठी तो उसके हाथ पर सांप के काटने के निशान मिले। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एमबीएस अस्पताल में दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। एक दर्जन से ज्यादा केस आए नांता थाना अधिकारी महावीर मीणा ने बताया कि दोनों घटनाएं अलग-अलग स्थानों पर हुई हैं। 5 साल का प्रशांत और 9 साल की किंशु को जहरीले सांप ने डसा था, जिससे उनकी मौत हो गई। प्रशांत की मां का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मानसून के दौरान खेतों और आसपास के इलाकों में सांप समेत अन्य जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ जाता है। इस सीजन में कोटा में एक दर्जन से ज्यादा लोग सर्पदंश का शिकार हुए हैं।