निकाय चुनाव को लेकर BJP ने कोटा में अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। निकाय चुनाव प्रभारी चन्द्रशेखर बावनकुले ने गुरुवार को कहा कि पार्टी ने संकल्प पत्र में जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा किया जाएगा। वहीं, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने दावा किया कि कोटा में इस बार BJP का मेयर बनेगा। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसका काम सिर्फ नारेबाजी करना और पुतले जलाना रह गया है। दरअसल, गुरुवार को नगरीय निकाय चुनाव को लेकर निकाय चुनाव प्रभारी एवं महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चन्द्रशेखर बावनकुले कोटा दौरे पर रहे। निजी होटल में उन्होंने भाजपा के संकल्प पत्र का विमोचन किया। शहर को स्मार्ट और सुरक्षित करेंगे,हर वादा होगा पूरा पत्रकारों से बातचीत में चन्द्रशेखर बावनकुले ने कहा कि राजस्थान को विकसित करने के लिए आने वाले 5 सालों में भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा करेगी। शहर को स्मार्ट और सुरक्षित करेंगे। जो भी कंफ्यूजन होगा, उसको कन्वेंस कर दूर करेंगे। बीकानेर कांग्रेस अध्यक्ष से मारपीट पर बोले बावनकुले बीकानेर कांग्रेस के अध्यक्ष के साथ मारपीट की घटना पर दुख जताते हुए बावनकुले ने कहा- जिस प्रकार से पार्टी अध्यक्ष को बाहर निकाल कर मारा गया हैं। ये कांग्रेस ने अपने सही संस्कारों का प्रदर्शन किया है। कांग्रेस ने अपनी नीति को बता दिया। अब राहुल गांधी बीकानेर आए और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को समझाएं। कांग्रेस ऐसी ही पार्टी है। उनके संस्कार ही ऐसे हैं। कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष को मारने का परिणाम पूरे राजस्थान की राजनीति में होगा। इतना नीच व्यवहार...एक पार्टी अध्यक्ष को मारा है। राहुल गांधी को इस और ध्यान देना चाहिए, पार्टी सुधारनी चाहिए। बागी भाजपा प्रत्याशियों ने वापस लिया नामांकन शहर भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि जिन कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों को पार्टी का टिकट नहीं मिला और उन्होंने नामांकन दाखिल किया था, उनमें से अधिकांश ने संगठन की बात मानते हुए नामांकन वापस ले लिया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने के लिए आगे भी अवसर दिए जाएंगे। कांग्रेस का काम नारेबाजी और पुतले जलाना राकेश जैन ने कहा कि नारेबाजी और पुतले जलाना कांग्रेस का काम है भाजपा का नहीं। उन्होंने दावा किया कि कोटा निकाय चुनाव में भाजपा का मेयर बनेगा। राजस्थान में “ट्रिपल इंजन की सरकार” को और मजबूती मिलेगी। संकल्प पत्र विमोचन के दौरान शिक्षा मंत्री मदन दिलावर,विधायक संदीप शर्मा, कल्पना देवी, शहर अध्यक्ष राकेश जैन सहित भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहे।