कोटा संभाग में एक बार फिर बारिश का दौर लौटा हैं। बीती रात से कई इलाकों में रुक-रुककर रिमझिम बरसात हो रही हैं। जिले में 24 घंटे में 20 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई हैं। मौसम में बदलाव से पारा 6 डिग्री तक गिर गया हैं। मौसम विभाग ने हाड़ौती संभाग में तीन दिन तक यानी 6 सितंबर तक बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। शहर में गुरुवार को दिनभर बादल छाए रह शाम से हल्की बरसात का दौर शुरू हुआ, जो रात तक जारी रहा। आज सुबह भी आसमान में बादल छाए हैं और रिमझिम बरसात हो रही हैं। गुरुवार को अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पारे में गिरावट से मौसम खुशनुमा बना हुआ है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार- इस मानसून सीजन में अब तक औसत से 32% कम बारिश हुई है। सामान्यतया जिले में 3 सितंबर तक औसत 654.1 मिमी बारिश होती है। इस सीजन में अभी तक 446 मिमी बारिश हुई है। बांधों की स्थिति गांधी सागर- मध्य प्रदेश के मंदसौर तहसील में बना गांधी सागर चंबल नदी का बड़ा बांध है। इस बांध की क्षमता 1312 फ़ीट है। 4 सितंबर सुबह 8 बजे तक गांधी सागर 1300.1 फ़ीट भरा है। राणा प्रताप सागर- चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा तहसील में बना है। इस बांध की क्षमता 1157 फ़ीट है। 4 सितंबर सुबह 8 बजे तक राणा प्रताप सागर 1142.7 फ़ीट भरा है। जवाहर सागर बांध- बूंदी जिले के तालेड़ा तहसील में बना है। इस बांध की क्षमता 980 फ़ीट है। 4 सितंबर सुबह 8 बजे तक जवाहर सागर 973 फ़ीट भरा है। कोटा बैराज- कोटा बैराज की क्षमता 854 फ़ीट है। 4 सितंबर सुबह 8 बजे तक कोटा बैराज 852.60 फ़ीट भरा है।