कोटपूतली-बहरोड़ में आगामी नगर निकाय चुनावों को देखते हुए जिला पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। आम लोगों में भरोसा बनाए रखने और भयमुक्त माहौल में मतदान कराने के मकसद से पुलिस ने कोटपूतली और बहरोड़ सर्किल में फ्लैग मार्च निकाला। जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह आईपीएस के निर्देश पर पुलिस अधिकारियों और जवानों ने मुख्य सड़कों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च किया। इस दौरान लोगों से निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और बिना डर के मतदान करने की अपील की गई। आपराधिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई पुलिस अधिकारियों ने साफ किया कि चुनाव के दौरान अशांति फैलाने, मतदाताओं को डराने-धमकाने, दबाव बनाने या लालच देने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून-व्यवस्था पर असर डालने वाले असामाजिक और आपराधिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। जिला पुलिस शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए लगातार निगरानी रख रही है। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है और पुलिस अधिकारियों-जवानों को तैनात किया जा रहा है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे बिना किसी डर के अपने वोट का इस्तेमाल करें। चुनाव के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव कराना जिला पुलिस की पहली प्राथमिकता है।