कोटपूतली थाना पुलिस ने जाली नोटों की सप्लाई करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 500-500 रुपए के कुल 135 जाली नोट बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत 67,500 रुपए है। इस मामले में पहले भी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एसपी सतवीर सिंह के निर्देश पर पुलिस ने 23 अगस्त को कोटपूतली में जाली नोटों के निर्माण और सप्लाई के नेटवर्क का भंडाफोड़ करने के लिए कार्रवाई शुरू की थी। जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी हरियाणा से जाली नोट लाकर कोटपूतली क्षेत्र में उनकी सप्लाई कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त को दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनकी तलाशी ली गई थी। उनके कब्जे से 500-500 रुपए के 135 जाली नोट मिले। इन आरोपियों से पूछताछ के आधार पर कुल 67,500 रुपए के जाली नोट जब्त किए गए। इसके अलावा, आरोपियों द्वारा पूर्व में चलाए गए जाली नोटों के बदले बाजार से प्राप्त 14,440 रुपए की असली करेंसी भी बरामद की गई। मामले में पुलिस ने 24 अगस्त को आरोपी चिराग भारतवाज को गिरफ्तार किया था। इसके बाद जाली नोटों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क की जांच को आगे बढ़ाया गया। जांच में सामने आए गिरोह के मुख्य सरगना संजीव अहलावत निवासी गोच्छी, थाना बेरी, जिला झज्जर (हरियाणा) को पुलिस ने 28 अगस्त को गिरफ्तार किया। पुलिस संजीव अहलावत से जाली नोटों का निर्माण करने वाले तथा गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। ये हैं आरोपियों की पहचान इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों में निशिकांत गुप्ता (40) निवासी चतुर्भुज मंदिर के पास, बड़ौद थाना बहरोड़ सदर; राहुल सैन (22) निवासी बड़ौद, थाना बहरोड़ सदर; और चिराग भारतवाज (24) निवासी घाड़ौदा खुर्द, थाना शाहजहांपुर, जिला कोटपूतली-बहरोड़ (हाल निवासी सेक्टर-6 धारूहेड़ा, जिला रेवाड़ी) शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज किया है। पुलिस गिरोह के पूरे नेटवर्क और जाली नोटों के निर्माण के स्रोत का पता लगाने में सक्रिय रूप से जुटी हुई है।