कोटपूतली में मानसून सक्रिय होने के बाद एक बार फिर बारिश शुरू हो गई है। शनिवार सुबह से ही इलाके में रिमझिम बारिश हो रही है। पिछले करीब 20 घंटे में कोटपूतली में 24MM बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश के बाद मौसम खुशनुमा हो गया और पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली। बारिश से किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं। लंबे समय से तेज धूप और गर्मी के कारण खराब हो रही खरीफ की फसलों को बारिश से नया जीवन मिला है। खासकर बाजरा समेत अन्य खरीफ फसलों के लिए यह बारिश काफी फायदेमंद है। इलाके में मानसून की गतिविधियां बढ़ने से आसमान में बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, कोटपूतली में 5 सितंबर को भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश या गरज के साथ बारिश की संभावना है। बता दें कि उत्तरी मध्य प्रदेश और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र और मानसून ट्रफ के असर से राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में बारिश बढ़ गई है। देखें बारिश से जुड़े PHOTOS