कोटपूतली में आगामी नगरीय निकाय चुनाव को देखते हुए मतदाता जागरूकता के लिए स्वीप गतिविधियां चलाई जा रही हैं। इसी कड़ी में मंगलवार शाम को कोटपूतली के गंगा सागर तालाब पर दीपोत्सव कार्यक्रम हुआ। इसमें दीप जलाकर लोगों को मतदान के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही, लोकतंत्र के इस पर्व में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया। दीपों की रोशनी से मतदाता जागरूकता, लोकतांत्रिक सहभागिता और शत-प्रतिशत मतदान का संदेश फैलाया गया। वोट के लिए प्रेरित करने की अपील इस मौके पर जिला निर्वाचन अधिकारी और जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने कहा- मतदान लोकतंत्र में हर नागरिक का अहम अधिकार और जिम्मेदारी है। हर मतदाता अपने वोट का इस्तेमाल करके लोकतंत्र को मजबूत बनाने में योगदान दे। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन बिना किसी दबाव, लालच या डर के बेझिझक होकर वोट डालें। साथ ही, अपने परिवार, दोस्तों और आसपास के दूसरे मतदाताओं को भी वोट डालने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने खास तौर पर युवाओं से अपील की कि वे खुद भी मतदान करें और अपने परिवार व समाज में मतदान के लिए अच्छा माहौल बनाने में अहम भूमिका निभाएं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव आयोग ने दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं के लिए मतदान केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं दी हैं, ताकि उन्हें वोट डालने में कोई दिक्कत न हो। उन्होंने योग्य दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं से इन सुविधाओं का फायदा उठाकर वोट डालने की अपील की। साथ ही, दूसरे मतदाताओं को भी लोकतंत्र के इस बड़े पर्व में शामिल होने के लिए प्रेरित करने को कहा। वोट डालने का लिया संकल्प कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने दीप जलाकर मतदान करने और दूसरों को भी वोट डालने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। स्वीप गतिविधि के जरिए नागरिकों को यह संदेश दिया गया कि हर वोट अहम है। मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी से ही लोकतंत्र और ज्यादा मजबूत बनता है। इस मौके पर जिला स्वीप नोडल और एसीईओ गोपाल मीणा, नगर परिषद आयुक्त अरुण शर्मा, कोटपूतली बीडीओ भागीरथ मल मीणा, डीईओ नंदलाल मीणा के साथ कर्मचारी और आम लोग मौजूद थे।