श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शुक्रवार को शहर के मंदिरों में विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर इस बार 15 साल बाद अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र का संयोग बन रहा है। शहर के मंदिरों में 4 सितंबर की अर्धरात्रि 11:50 से 12:10 बजे तक जन्मोत्सव होगा। कालीबेरी स्थित स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर में राधा-कृष्ण के लिए पुष्पों का झूला सजाया गया है, जहां रात 12 बजे प्राकट्य उत्सव, अन्नकूट झांकी व महाआरती होगी। भीतरी शहर के गंगश्यामजी मंदिर में रात 12 बजे पंचामृत अभिषेक के बाद 21 किलो मेवों का केक काटा जाएगा। जालोरी गेट, पब्लिक पार्क और उम्मेद उद्यान में रात 12 बजे मटकी फोड़ के आयोजन होंगे। तनावड़ा फांटा मुख्य सालावास रोड़ स्थित इस्कॉन मंदिर में कृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। जालोरी गेट स्थित मंदिर के बाहर शाम 8 बजे से जन्माष्टमी रात 12 बजे युवा मटकी फोड़ेंगे। उम्मेद उद्यान स्थित शिव मंदिर प्रांगण में रात 9 बजे कृष्ण स्वांग रचकर आने वाले बच्चों का सम्मान और रात 11 बजे बच्चों के लिए 8 फीट पर मटकी फोड़ आयोजन होगा। रात 12 बजे युवा 22 फीट पर लगी मटकी फोड़ेंगे। चौपासनी जूना खेड़ापति मंदिर में भी आयोजन होगा।