लोहावट के चर्चित भंवरी हत्याकांड मामले में पुलिस की जांच लगातार जारी है। मामले में तीन संदिग्धों का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की तैयारी है। इसके लिए न्यायालय से मंजूरी मिल चुकी है और तीनों संदिग्धों ने भी टेस्ट के लिए सहमति दे दी है। पुलिस को उम्मीद है कि जांच की इस प्रक्रिया से हत्याकांड से जुड़े कुछ अहम तथ्यों और छिपे हुए राज सामने आ सकते हैं। फलोदी एसपी सतनाम सिंह ने बताया- हत्याकांड की जांच को आगे बढ़ाते हुए तीन संदिग्धों का पॉलीग्राफ टेस्ट कराया जाएगा। न्यायालय की अनुमति मिलने के बाद अब यह टेस्ट अगले कुछ दिनों में कराया जा सकता है। पुलिस परिवार के सदस्यों और संदिग्धों से लगातार पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े तथ्यों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम मामले में हर पहलू की जांच कर रही है। हत्याकांड में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डीजी क्राइम के निर्देश पर बदला जांच अधिकारी राजस्थान डीजी क्राइम के निर्देश के बाद भंवरी हत्याकांड की जांच के लिए जांच अधिकारी भी बदल दिया गया है। लोहावट वृताधिकारी भवानीसिंह को हटाकर अब एडीशनल एसपी फलोदी बृजराज सिंह चारण को मामले की जिम्मेदारी दी गई है। बृजराज सिंह चारण ने कहा कि अब मामले का और गहनता से अनुसंधान किया जाएगा। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम जुटी एसपी फलोदी सतनाम सिंह ने बताया कि पुलिस की टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। उन्होंने कहा कि हत्याकांड में जो भी दोषी हैं, उन्हें किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। न्याय की मांग को लेकर थाने के बाहर धरना जारी भंवरीदेवी विश्नोई की हत्या के मामले का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोहावट पुलिस थाने के बाहर अनिश्चितकालीन धरना जारी है। धरने पर बैठे लोगों की ओर से मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की जा रही है। धरनास्थल पर संबोधित करते हुए पूर्व विधायक किसनाराम विश्नोई ने कहा कि आचार संहिता हटने के बाद जयपुर कूच किया जाएगा। उन्होंने आंदोलन को आगे बढ़ाने की घोषणा भी की। धरनास्थल पर मनाया रक्षाबंधन, बांधे रक्षासूत्र रक्षाबंधन के अवसर पर धरनास्थल पर ही पर्व मनाया गया। इस दौरान नागरिकों ने प्रकरण में न्याय की मांग को मजबूती से उठाने का संकल्प लेते हुए एक-दूसरे को रक्षासूत्र बांधे। मृतका की पुत्रियों रामज्योति, सोनू और मोनू ने अपने भाई पवन ढाका को राखी बांधी। वहीं, मृतका के भाई मांगीलाल सियाक को भी धरनास्थल पर पहुंची महिलाओं और बालिकाओं ने राखी बांधी। इस दौरान महंत आनंदप्रकाश, महीपाल भादू, ओमप्रकाश राव, भागीरथ बेनीवाल, डॉ. तेजपाल राव, राधेश्याम बेनीवाल, अभिषेक विश्नोई, भंवरलाल मदासर, महीपाल सिंह भाटी, हजारीराम गोदारा, आमदीन सहित कई जनप्रतिनिधि, महिलाएं और पुरुष बड़ी संख्या में मौजूद रहे।