नागौर में शनिवार देर रात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर पहुंचे। उन्होंने भाजपा कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक की, जिसमें बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और मतदाताओं से सीधा संपर्क बढ़ाने पर चर्चा हुई। बैठक में खींवसर विधायक रेवंत राम डांगा, भाजपा जिला अध्यक्ष रामधन पोटलिया, जगत नारायण जोशी सहित पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं, टिकट वितरण के बाद नाराज नेताओं और मुंडवा में RLP के पक्ष में वोट मांगने के मामले पर भी राठौड़ ने बात की। बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने नागौर में चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार देर रात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ नागौर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने भाजपा कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक की। बैठक में आगामी निकाय चुनाव को लेकर बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, मतदाताओं से सीधा संपर्क बढ़ाने और पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने को लेकर मंथन किया गया। बैठक में खींवसर विधायक रेवंत राम डांगा, भाजपा जिला अध्यक्ष रामधन पोटलिया, जगत नारायण जोशी सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष के पहुंचने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। हर बूथ पर मजबूत पकड़ बनाने का मंत्र मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को चुनावी मिशन का मंत्र देते हुए कहा कि निकाय चुनाव में पार्टी की सफलता का सबसे बड़ा आधार बूथ स्तर की मजबूती है। कार्यकर्ताओं को प्रत्येक बूथ पर सक्रिय रहकर मतदाताओं से लगातार संपर्क करना होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए। राठौड़ ने कहा कि भाजपा की ताकत उसका संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। चुनाव में कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है। 'राजस्थान में खिलेगा कमल', कार्यकर्ताओं में भरा जोश प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी अभियान को गति देने का आह्वान किया। उन्होंने राजस्थान में भाजपा का कमल खिलाने का दावा किया और बूथ स्तर तक मजबूत रणनीति के साथ काम करने की बात कही। राठौड़ के दौरे के बाद स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में भी चुनाव को लेकर उत्साह दिखाई दिया। टिकट नहीं मिलने से नाराज नेताओं को मनाने का प्रयास निकाय चुनाव में टिकट वितरण के बाद भाजपा में सामने आए असंतोष और बगावत को लेकर भी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि टिकट नहीं मिलने से नाराज नेताओं और कार्यकर्ताओं को मनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परिवार में रूठना-मनाना चलता रहता है और पार्टी सभी को साथ लेकर चलने का प्रयास कर रही है। मुंडवा में RLP के पक्ष में वोट मांगने पर बोले- आज ही होगी बात मुंडवा में भाजपा नेता लक्ष्मीनारायण मुंडेल द्वारा कथित तौर पर खुले तौर पर RLP के पक्ष में वोट मांगने के सवाल पर मदन राठौड़ ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी कुछ देर पहले ही मिली है। उन्होंने कहा कि आज ही पार्टी पदाधिकारियों से इस मामले में बात की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। टिकट वितरण के बाद असंतोष खत्म करना चुनौती नागौर में भाजपा के लिए अब सबसे बड़ी चुनौती पार्टी के भीतर टिकट वितरण के बाद उपजे असंतोष को खत्म कर सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट करना है। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के दौरे और बागियों पर कार्रवाई के संकेत के बाद आने वाले दिनों में पार्टी की रणनीति पर नजर रहेगी।