नागौर में युवक की हत्या में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में शनिवार को भाई-बहन को अरेस्ट किया है। पूछताछ में सामने आया कि महिला का युवक से एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह युवक से मिलने पहुंची तो भाई ने उसे देख लिया। उसने युवक के सिर और प्राइवेट पार्ट पर लाठियों से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। मामला सुरपालिया इलाके का 27 अगस्त की रात का है। एसपी आशाराम चौधरी ने बताया कि शेराराम (45) निवासी जनेवा गांव की हत्या की गई। हत्या के आरोप में श्रवणराम और उसकी बहन मोनिका को अरेस्ट किया है। एसपी ने बताया कि शेराराम मेघवाल का मोनिका के साथ पिछले एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। 27 अगस्त को महिला अपने प्रेमी से मिलने गई थी। श्रवणराम ने उसे देख लिया। भाई को देखकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जिसके बाद श्रवणराम ने लाठी से शेराराम पर हमला कर दिया। प्रेमी के पैर बांधे, फिर बेरहमी से की हत्या हमले के दौरान श्रवणराम के उकसाने पर मोनिका ने खुद अपने प्रेमी शेराराम के पैर बांध दिए। इसके बाद भाई-बहन दोनों ने मिलकर शेराराम के सिर और प्राइवेट पार्ट पर लाठियों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बदबू आने पर रक्षाबंधन की शाम खुला राज 27 अगस्त की रात हुई इस वारदात का खुलासा अगले दिन रक्षाबंधन की शाम करीब 8 बजे हुआ। दरअसल, शव से बदबू आने पर ग्रामीणों को शक हुआ। वे जब मौके पर पहुंचे तो लहूलुहान हालत में शेराराम का शव पड़ा था। मृतक के भाई मनोज मेघवाल की रिपोर्ट पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। एसपी आशाराम चौधरी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने शव मिलने के 12 घंटे में ही दोनों भाई-बहन को पकड़ लिया। ढाणी में अकेला रहता था शेराराम पुलिस जांच में सामने आया कि शेराराम का पिछले 6 महीने से अपनी पत्नी और बच्चों (दो बेटे और एक बेटी) से मनमुटाव चल रहा था, जिसके कारण वह खेत की ढाणी में अकेला ही रहता था। वहीं, आरोपी महिला मोनिका ने भी करीब 6 महीने पहले अपने पति के खिलाफ सुरपालिया थाने में मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था।