नागौर के मेड़ता रोड थाना क्षेत्र स्थित रेण पुलिस चौकी में घुसकर पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज, हाथा-पाई और सरकारी संपत्ति में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। गोगा नवमी के मेले की अनुमति न मिलने से नाराज युवकों ने चौकी में घुसकर चौकी प्रभारी ASI से अभद्रता की और बीच-बचाव करने आए कांस्टेबल की वर्दी से नेम प्लेट उखाड़ ली। थाने में घुसकर मारपीट की रेण पुलिस चौकी प्रभारी ASI रामप्रकाश माली ने मेड़ता रोड थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया- 4 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे वह चौकी कार्यालय में राजकीय कार्य कर रहे थे। उनके साथ कांस्टेबल प्रकाश टांडी और कांस्टेबल शिवराज भी मौजूद थे। इसी दौरान एक बोलेरो गाड़ी सीधे चौकी परिसर में आकर रुकी। गाड़ी पर नीली बत्ती भी लगी थी। गाड़ी से बंवरला हाल रेण निवासी कमल महिया, राजेश पारीक अपने एक अन्य साथी के साथ उतरे। 'मेले की अनुमति क्यों नहीं दी' कहकर किया हंगामा चौकी में घुसते ही आरोपियों ने ASI रामप्रकाश से सवाल किया कि 'तुमने गोगा नवमी के मेले की स्वीकृति क्यों नहीं दी?' जब ASI ने स्पष्ट किया कि मेले की अनुमति प्रशासनिक अधिकारी देते हैं और यह उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है, तो आरोपी आक्रोशित हो गए। आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और सरकारी टेबल पर जोरदार मुक्के मारकर टेबल का शीशा तोड़ दिया। कांस्टेबल की नेम प्लेट तोड़ी हंगामा बढ़ता देख जब कांस्टेबल प्रकाश टांडी और शिवराज बीच-बचाव करने दौड़े, तो आरोपियों ने उनके साथ भी हाथापाई की और मुक्कों से मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने कांस्टेबल शिवराज की वर्दी में हाथ डालकर उनकी नेम प्लेट जबरन तोड़ दी। और अपने पास रख ली। मामला दर्ज कर जांच शुरू घटना की सूचना तुरंत उच्चाधिकारियों को दी गई। मौके पर पहुंचे जाब्ते ने आरोपी कमल महिया और राजेश पारीक को शांति भंग के आरोप में हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ राजकार्य में बाधा, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और हाथा पाई सहित विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले की आगे की जांच सहायक उप निरीक्षक पोकरराम को सौंपी गई है। मामले की जांच में जुटी पुलिस डीएसपी, मेड़ता रामकरण सिंह मलिंडा ने बताया कि पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।