नगर परिषद चुनाव को लेकर शहर में सियासी तस्वीर अब धीरे-धीरे साफ होने लगी है। नागौर नगर परिषद के 60 वार्डों से चुनावी समर में उतरने के लिए कुल 468 दावेदारों ने 541 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। मंगलवार को प्रशासनिक स्तर पर नामांकन पत्रों की जांच पूरी होने के बाद 87 दावेदारों के 99 नामांकन खारिज कर दिए गए। वहीं 381 उम्मीदवारों के 442 नामांकन सही पाए गए हैं। नामांकन जांच के बाद जारी सूची में भाजपा के 47, कांग्रेस के 50 और निर्दलीय सहित कुल 114 अधिकृत प्रत्याशियों का एक भी नामांकन खारिज नहीं हुआ। हालांकि कुछ उम्मीदवारों ने एक से अधिक नामांकन पत्र दाखिल किए थे, जिनमें से कुछ पत्र जांच के दौरान निरस्त किए गए हैं। नामांकन वापसी के बाद और साफ होगी तस्वीर नामांकन जांच पूरी होने के बाद अब प्रत्याशियों के पास 4 सितंबर तक नाम वापस लेने का मौका है। इसके बाद चुनाव चिन्हों का आवंटन होगा और मैदान में बचे प्रत्याशियों की अंतिम तस्वीर सामने आएगी। प्रशासन की ओर से चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद की जाएगी। 35 वार्डों में भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने नामांकन की स्थिति को राजनीतिक दृष्टि से देखें तो 35 वार्ड ऐसे हैं, जहां भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी आमने-सामने हैं। वहीं 5 वार्डों में कांग्रेस, आरएलपी और निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच मुकाबला बनता दिखाई दे रहा है। इसके अलावा कई वार्डों में दोनों प्रमुख दलों के बागी और निर्दलीय प्रत्याशी चुनावी समीकरण बदलने की तैयारी में हैं। 18 वार्डों में निर्दलीय बिगाड़ेंगे समीकरण नामांकन जांच के बाद सामने आई तस्वीर में 18 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी प्रमुख दलों के लिए चुनौती बनते दिखाई दे रहे हैं। इनमें कुछ वार्ड ऐसे हैं, जहां टिकट नहीं मिलने से नाराज दावेदारों ने पार्टी से अलग होकर चुनाव मैदान में ताल ठोकी है। ऐसे में इन वार्डों में भाजपा-कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों के सामने अपने ही दल से जुड़े बागियों की चुनौती भी रहेगी। वहीं 12 वार्डों में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार बन गए हैं। यहां भाजपा-कांग्रेस के अलावा तीसरा प्रत्याशी भी मजबूत स्थिति में है। नाम वापसी के बाद इनमें से कितने मुकाबले त्रिकोणीय रहेंगे, यह तस्वीर 4 सितंबर को स्पष्ट होगी। 9 निकायों में प्रत्याशियों की स्थिति जिले की 9 निकायों में नामांकन जांच के बाद भी बड़ी संख्या में प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। नागौर नगर परिषद में 99 नामांकन निरस्त और 381 सही पाए गए हैं। मेड़ता सिटी नगर पालिका में 100 नामांकन निरस्त और 205 सही, कुचेरा में 25 निरस्त और 106 सही, मूंडवा में 14 निरस्त और 113 सही, डेगाना में 23 निरस्त और 105 सही, जायल में 23 निरस्त और 98 सही, मेड़ता रोड में 81 निरस्त और 139 सही, लाडनूं में 24 निरस्त और 172 सही तथा खींवसर में 42 निरस्त और 117 नामांकन सही पाए गए हैं।