नगर परिषद चुनाव के बीच नागौर के वार्ड नंबर 7 में चुनाव प्रचार के दौरान प्रत्याशी रमनिवास सांखला के बेटे कुलदीप पर पथराव का मामला सामने आया है। व्यास कॉलोनी में बाइक से जाते समय एक मकान की छत से 2-3 पत्थर उसके सिर पर आ गिरे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कुलदीप के सिर में 6 टांके लगाए गए हैं। परिजनों ने फिलहाल किसी पर आरोप नहीं लगाया और न ही थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को कुलदीप बाइक से व्यास कॉलोनी की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक मकान की छत से अचानक 2-3 पत्थर उसके सिर पर आ गिरे। पत्थर लगने से वह घायल होकर लहूलुहान हो गया। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने उसे तत्काल जेएलएन हॉस्पिटल पहुंचाया। सिर में गहरी चोट, डॉक्टरों ने लगाए 6 टांके हॉस्पिटल में प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने कुलदीप के सिर में आई गहरी चोट पर 6 टांके लगाए। उपचार के बाद उसे हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी गई। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और समर्थक भी हॉस्पिटल पहुंच गए। परिवार ने किसी पर नहीं लगाया आरोप घटना को लेकर परिजनों ने फिलहाल किसी व्यक्ति पर शक जाहिर नहीं किया है। थाने में भी कोई औपचारिक रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। प्रत्याशी रमनिवास सांखला ने इस घटना को कायराना हरकत बताया। उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा रही कि उनके बेटे की जान बाल-बाल बच गई। इधर, नागौर पुलिस पूरे मामले की अपने स्तर पर पड़ताल कर रही है। नागौर कोतवाल नंदलाल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छत से पत्थर गिरने की घटना महज इत्तफाक थी या किसी ने जानबूझकर पत्थर फेंके थे। चुनावी माहौल के बीच हुई इस घटना के बाद वार्ड में चर्चा तेज हो गई है।