नापासर में नगर पालिका चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने का सोमवार को अंतिम दिन था। इस दौरान 25 वार्डों के लिए कुल 125 आवेदन प्राप्त हुए। कांग्रेस, भाजपा, आरएलपी सहित निर्दलीय प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ ढोल-नगाड़ों के बीच नामांकन दाखिल करने पहुंचे। नामांकन प्रक्रिया के लिए अधिशासी अधिकारी अल्का बुरडक के नेतृत्व में व्यवस्थाएं की गईं। रिटर्निंग अधिकारी (आरओ) सुमन शर्मा और सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) आकांक्षा सहित अन्य कर्मचारी प्रक्रिया में जुटे रहे। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए थानाधिकारी कविता पूनिया पुलिस जाब्ते के साथ मुस्तैद रहीं। डीजे और समर्थकों को नामांकन स्थल से 100 मीटर दूर रखा गया। सीओ प्रहलाद राय ने भी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आरओ सुमन शर्मा ने बताया कि मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद सफल प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।