हरियाणा के नारनौल में पुलिस ने 2 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले का खुलासा करते हुए पति-पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कांच की ट्यूब के व्यापार में मोटे मुनाफे का झांसा देकर एक ऑटो चालक से 2 लाख रुपये ठग लिए थे। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किया है। डीएसपी डॉ. कविता ने बताया कि अटेली थाना में 2 अगस्त 2026 को गांव तिगरा निवासी ऑटो चालक शिव कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार 26 जुलाई को एक महिला और एक पुरुष ने ताजपुर जाने के लिए उसका ऑटो बुक किया। वहां पहुंचने पर दोनों ने एक फॉर्च्यूनर सवार व्यक्ति को कांच की ट्यूब देकर बदले में नोटों का बंडल लिया। यह देखकर ऑटो चालक को लगा कि उनका कारोबार असली है। 5 लाख लौटाने का दिया लालच बाद में आरोपियों ने ऑटो चालक से संपर्क कर उसे बताया कि कांच की ट्यूब के कारोबार में भारी मुनाफा है। उन्होंने 2 लाख रुपये लगाने पर उसी दिन 5 लाख रुपये लौटाने का झांसा दिया। लालच में आकर पीड़ित ने 2 लाख रुपये की व्यवस्था कर अटेली मंडी में आरोपियों को नकद दे दिए। इसके बाद आरोपी उसे नांगल चौधरी की ओर ले गए। रास्ते में पहले से मौजूद दो बाइक सवारों को 2 लाख रुपये सौंप दिए। बाद में पीड़ित को यह कहकर इंतजार कराया गया कि उनका "सर" आने वाला है। कुछ देर बाद फॉर्च्यूनर में बैठकर आरोपी मौके से निकल गए और रुपये लौटाने के बजाय पीड़ित के हाथ में केवल कांच की ट्यूब थमा दी। विरोध करने पर उसे धमकाकर फरार हो गए। राजस्थान के तीन आरोपी गिरफ्तार जांच के दौरान पुलिस ने पप्पू निवासी भगतपुरा (हाल निवासी बाडलवास, झुंझुनूं), बजरंग और उसकी पत्नी संतरा निवासी निम्बूचना, जिला अलवर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। तीनों को अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर संतरा को न्यायिक हिरासत में नसीबपुर जेल भेज दिया गया, जबकि पप्पू और बजरंग को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान बजरंग से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। रिमांड समाप्त होने के बाद दोनों आरोपियों को भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।