नाथद्वारा से आज ब्रज विहार महोत्सव में भाग लेने के लिए 150 सदस्यीय दल मथुरा के लिए रवाना हुआ। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर ब्रज तीर्थ विकास परिषद, उत्तरप्रदेश एवं श्रीनाथजी मंदिर, नाथद्वारा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ब्रज विहार महोत्सव में भाग लेने के लिए नाथद्वारा से मंगलवार को 150 सदस्यीय दल रवाना हुआ। 150 सदस्य शामिल इस अवसर पर मंदिर मंडल के मुख्य निष्पादन अधिकारी जितेंद्र कुमार पांडे ने हरी झंडी दिखाकर पांच बसों को रवाना किया। दल में पीएमश्री श्री गोवर्धन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, श्री नरेंद्रपाल चौधरी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, वैद विद्यालय नाथद्वारा एवं श्रीनाथजी मंदिर संगीत शाला के 120 प्रतिभागियों सहित कुल 150 सदस्य शामिल हैं। पुष्टि परंपराओं और कलाओं के प्रचार-प्रसार प्रतिभागी बुधवार को महोत्सव में श्रीकृष्ण से जुड़ी तथा पुष्टि परंपरा के अनुरूप आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर नाथद्वारा का प्रतिनिधित्व करेंगे। साथ ही पुष्टि परंपराओं एवं कलाओं के प्रचार-प्रसार में योगदान देंगे। रवानगी के अवसर पर लेखाधिकारी कैलाश पुरोहित, नितिन पानेरी, राजेश्वर त्रिपाठी, महाकाली, कल्पित जोशी, कैलाश पालीवाल, उमाशंकर महाकाली, संजय जोशी, मुकेश गुर्जर तथा वैद विद्यालय के देवकिशन जोशी सहित विद्यालयों के अध्यापक-अध्यापिकाएं मौजूद रहे।