नाथद्वारा नगर पालिका के चुनावी इतिहास में पहली बार किन्नर समाज की प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरी हैं। आम आदमी पार्टी ने नगर निकाय चुनाव-2026 के लिए सुनीता बाई किन्नर को वार्ड नंबर 11 और 14 से प्रत्याशी बनाया है। वार्ड 11 ओबीसी महिला के लिए आरक्षित होने के कारण सुनीता बाई ने वार्ड 14 से भी नामांकन दाखिल किया है। सुनीता बाई को पार्टी का टिकट देने के लिए आम आदमी पार्टी राजस्थान के प्रदेश सह प्रभारी और दिल्ली के पूर्व महापौर महेश खींची विशेष रूप से नाथद्वारा पहुंचे। नामांकन के दौरान पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्वच्छता और शिक्षा को प्राथमिकता देने की बात सुनीता बाई ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने उन पर विश्वास जताया है, इसके लिए वह आभारी हैं। उन्होंने कहा कि सभी के साथ मिलकर वार्डवासियों की मंशा के अनुरूप काम किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र में स्वच्छता और शिक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही। खींची बोले- हर वर्ग को राजनीतिक प्रतिनिधित्व का अधिकार आप के प्रदेश सह प्रभारी महेश खींची ने कहा कि पार्टी सामाजिक समानता, सम्मान और सभी वर्गों की राजनीतिक भागीदारी में विश्वास रखती है। समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी बात रखने और राजनीतिक प्रतिनिधित्व का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम चुनाव में भी आम आदमी पार्टी ने किन्नर समाज से प्रत्याशी को टिकट दिया था, जो पार्षद निर्वाचित हुए। इसी सोच के साथ राजस्थान में भी वंचित और उपेक्षित वर्गों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया जा रहा है। खींची ने कहा कि आम आदमी पार्टी नाथद्वारा में ईमानदार, स्वच्छ और जनहित की राजनीति को मजबूत करने के उद्देश्य से चुनाव मैदान में है। स्थानीय समस्याओं और आमजन से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता से उठाया जाएगा। राजस्थान में पहले भी किन्नर बने जनप्रतिनिधि राजस्थान में किन्नर समाज के लोग इससे पहले भी चुनावों में राजनीतिक मौजूदगी दर्ज करा चुके हैं। श्रीगंगानगर में किन्नर बसंती पार्षद चुनी जा चुकी हैं, जबकि चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा में किन्नर ममता पालिकाध्यक्ष के पद तक पहुंच चुकी हैं। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में कोटा-बूंदी संसदीय क्षेत्र से काजल किन्नर ने भी चुनाव मैदान में उतरकर सुर्खियां बटोरी थीं। उन्होंने भारतीय आमजन पार्टी के प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया था। उनका मुकाबला भाजपा के ओम बिरला और कांग्रेस के प्रहलाद गुंजल से हुआ था। नामांकन के दौरान पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे नामांकन के दौरान आप जिला अध्यक्ष गिरधारी लाल चंदेल, जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट भरतकुमार पालीवाल, जिला संगठन महासचिव पप्पूलाल कीर, नाथद्वारा विधानसभा अध्यक्ष धर्मेश चंदेल, पार्षद प्रतिनिधि मनीष चंदेल, विधानसभा करोल बाग के उपाध्यक्ष कमलकांत रवि, वार्ड अध्यक्ष लक्की रोछिया, नाथद्वारा विधानसभा उपाध्यक्ष सूर्यप्रकाश, कान सिंह राठौड़, जगदीश सहित पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। सुनीता बाई को टिकट मिलने के बाद वार्ड 11 और 14 का चुनावी मुकाबला भी चर्चा में आ गया है। नाथद्वारा के चुनावी इतिहास में पहली बार किन्नर समाज की प्रत्याशी के मैदान में आने से अब लोगों की नजरें चुनाव परिणाम पर रहेंगी।