नेपाल में त्रिशूली नदी में आई भयंकर बाढ़ से हुई तबाही के बीच भारतीय युवा कांग्रेस की 5 सदस्यीय टीम राहत और बचाव काम में लगी है। इस टीम में धौलपुर जिले से युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव भूदेव शर्मा भी शामिल हैं। यह टीम बाढ़ प्रभावित इलाकों में बने शेल्टर में रह रहे लोगों तक जरूरी सामान पहुंचाकर उनकी मदद कर रही है। नेपाल में बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में लोगों की जान गई है और हजारों घर तबाह हो गए हैं। इससे प्रभावित परिवारों के सामने गुजर-बसर का संकट आ गया है। ऐसे मुश्किल समय में भारतीय युवा कांग्रेस की टीम प्रभावित लोगों के बीच पहुंचकर उन्हें जरूरत का सामान दे रही है। इंसानियत और भाईचारे का दे रहे संदेश नेपाल से फोन पर बातचीत के दौरान भूदेव शर्मा ने वहां के हालात बताए। उन्होंने बताया कि बाढ़ से कई परिवार गहरे सदमे में हैं। अनेक लोगों ने अपने परिवार वालों और करीबियों को खो दिया है। कई परिवारों के घर और सामान बाढ़ में बह गए हैं। भूदेव शर्मा ने कहा कि राहत शिविरों में रह रहे लोगों की जरूरतों को समझते हुए टीम लगातार उनके बीच काम कर रही है। भूदेव शर्मा ने बताया कि जब किसी देश के लोग प्राकृतिक आपदा जैसी मुश्किल से गुजर रहे हों, तब दूसरे देशों को भी उनके साथ खड़ा होना चाहिए। इसी भावना के साथ युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता नेपाल पहुंचे हैं और संकट के इस समय में प्रभावित लोगों की मदद कर रहे हैं। युवा कांग्रेस की टीम राहत कामों के जरिए भारत और नेपाल के बीच इंसानियत और भाईचारे का संदेश भी दे रही है।