टोंक नगर निकाय चुनाव के पहले चरण के चुनाव का मतदान बुधवार को होगा। जिले में भी पांच नगर पालिका निवाई, देवली, दूनी, उनियारा और पीपलू के 136 वार्डों में बुधवार को मतदान होगा। इसके लिए मंगलवार को निकाय मुख्यालय से 35 बसों से मतदान केंद्रों के लिए टीमें रवाना कर दी है। इसके साथ ही प्रत्याशियों ने अब घर-घर दस्तक देकर मतदाताओं को अपने पक्ष वोट देने के मतदाताओं को रिझा रहे है। 90 हजार से ज्यादा मतदाता फैसला करेंगे 136 मतदान केंद्रों पर बुधवार को पांच निकायों में वार्ड पार्षदों के लिए मतदान होगा। इनमें 532 प्रत्याशियों के चुनावी भविष्य का फैसला 90 हजार 842 मतदाता करेंगे। इनमें 45 हजार 960 पुरुष और 44 हजार 881 महिला मतदाता हैं। मतदान के बाद मतों की गणना 14 सितंबर को होगी। मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए पुलिस बल, सेक्टर मजिस्ट्रेट और अन्य कर्मचारियों की तैनाती की जा रही है। पहले चरण में पुलिसकर्मियों सहित करीब 800 अधिकारी-कर्मचारी चुनाव ड्यूटी में तैनात रहेंगे। इनमें 544 कार्मिक सक्रिय और 148 आरक्षित है। दूनी-पीपलू में पहली बार पालिका बनी दूनी और पीपलू नई नगर पालिका बनी है। यह पहली बार नगर पालिका के लिए चुनाव हो रहे हैं। दूनी नगर पालिका चेयरमैन की सीट एससी महिला, जबकि देवली और पीपलू में एससी के लिए पद आरक्षित है। निवाई और उनियारा में अध्यक्ष पद अनारक्षित है।