हनुमानगढ़ की नोहर थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बाइक सवार 3 युवकों को पकड़ा और उनके पास से 38.52 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बाइक को जब्त कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, नोहर पुलिस थाना के कार्यवाहक प्रभारी उपनिरीक्षक पृथ्वी सिंह नरुका अपनी टीम के साथ कस्बे और थाना क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। टीम ने बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन सहित कस्बे में गश्त की। पुलिस को देख हड़बड़ाहट में बाइक हो गई बंद मंगलवार दोपहर करीब 3.40 बजे टीम ने नोहर-अरड़की मार्ग पर बंद गुड़ मंडी के पास नाकाबंदी शुरू की। इसी दौरान नोहर की तरफ से एक बाइक पर 3 लोग आते दिखे। पुलिस जीप और टीम को देखकर बाइक सवारों ने अचानक बाइक वापस घुमाकर भागने की कोशिश की, लेकिन हड़बड़ाहट में बाइक बंद हो गई। संदेह होने पर पुलिस ने तीनों को बाइक सहित पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान दीपक (19) पुत्र सुभाष निवासी वार्ड नंबर 27, नोहर, अशोक (33) पुत्र पूर्णराम निवासी चक सरदारपुरा (मिलों वाला बास), नोहर और कृष्ण कुमार (32) पुत्र प्रभूराम निवासी भलाऊ ताल, चूरू (हाल तेजनगर, माल मंडी, अमृतसर) के रूप में हुई। पुलिस ने बाइक की तलाशी ली तो उसके वाइजर में एक थैली मिली। इस थैली में 38.52 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) भरी हुई थी। अमृतसर से मंगवाया था नशा पुलिस पूछताछ में आरोपी दीपक ने बताया कि वह अपने दोस्त अशोक के साथ मिलकर अशोक के रिश्तेदार कृष्ण कुमार के जरिए अमृतसर से चिट्टा मंगवाता था। अशोक ने भी पूछताछ में यही बात बताई। कृष्ण कुमार ने बताया कि वह अपने मौसी के बेटे अशोक और उसके दोस्त दीपक के लिए अमृतसर के मेहता रोड, नवां पिंड निवासी रामभाई से हेरोइन खरीदकर लाया था।