डीडवाना-कुचामन जिले की परबतसर थाना पुलिस ने 2 साल से फरार 5 हजार रूपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अजमेर के सरवाड़ से पकड़ा गया। वह मोग्या गैंग का शातिर सदस्य बताया जा रहा है और जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में रात के समय रिहायशी मकानों में चोरी की वारदातों में वांछित था। यह कार्रवाई परबतसर थानाधिकारी सुमन बुन्देला के नेतृत्व में गठित टीम ने की। पुलिस के अनुसार 11 सितंबर 2024 की रात परबतसर के लावटा की ढाणी में भंवरलाल और गोविन्दराम के मकानों में चोरी हुई थी। चोरों ने खिड़की और जंगला तोड़कर प्रवेश किया था। चोरों ने अलमारियों और बक्सों से नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन सहित अन्य कीमती सामान चुरा लिया था। पहले पकड़े जा चुके 2 बदमाश इस संबंध में परबतसर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस की विशेष टीम ने पहले कालू मोग्या और अम्बालाल मोग्या को गिरफ्तार किया था। इसके बाद वांछित आरोपी शिवराज मोग्या की तलाश के लिए एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आसूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए शिवराज उर्फ श्योराज मोग्या को अजमेर के सरवाड़ से पकड़ा। पूछताछ और अनुसंधान के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से अन्य वारदातों में शामिल आरोपियों और चोरी के सामान की बरामदगी को लेकर पूछताछ जारी है। कई मामलों में थी तलाश पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी किनसरिया, माण्डन, गांगवा, लावटा की ढाणी, कस्वा की ढाणी, कचोलिया, मकराना और कांसेड़ा थाना क्षेत्र नांवा शहर में रात के समय रिहायशी मकानों से नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और बाइक चोरी करने के कई मामलों में वांछित था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवराज उर्फ श्योराज (24) पुत्र रामदेव मोग्या निवासी हरिरामपुरा बघेरा, थाना केकड़ी शहर, जिला अजमेर के रूप में हुई है।