प्रतापगढ़ के पीपलखूंट में पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 92 किलो 490 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। इस दौरान डोडाचूरा ले जा रही एक बलेनो कार और संदिग्ध हालत में खड़ी ब्रेजा कार को भी जब्त किया गया। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 13 लाख 87 हजार रुपए बताई गई है। वहीं 255 किलो अवैध डोडाचूरा परिवहन मामले में 10 महीने से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। जलोदा जागीर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा थानाधिकारी मनीष वैष्णव के नेतृत्व में टीम ने इसे अंजाम दिया। पहली कार्रवाई वखतपुरा फंटे पर नाकाबंदी के दौरान हुई। प्रतापगढ़ की ओर से आ रही एक नीले रंग की बलेनो कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। चालक ने पुलिस को देखकर कार वापस घुमाकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तीन कट्टों में मिला 45 किलो से ज्यादा डोडाचूरा पूछताछ में चालक ने अपना नाम नग्गाराम उर्फ नरेश (23) पुत्र सोमाराम देवासी, निवासी मेड़ा, थाना बागोड़ा, जिला जालोर बताया। कार की तलाशी लेने पर डिग्गी में तीन कट्टों में 45 किलो 600 ग्राम डोडाचूरा मिला। पुलिस ने आरोपी नग्गाराम को गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली। दूसरी कार्रवाई में संदिग्ध गाड़ी मिली दूसरी कार्रवाई में पुलिस को चिकली गांव के सुनसान इलाके में एक स्लेटी रंग की ब्रेजा कार संदिग्ध हालत में खड़ी होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास चालक और मालिक की तलाश की, लेकिन कोई नहीं मिला। कार की तलाशी लेने पर उसमें चार कट्टों में 46 किलो 890 ग्राम अधकुचला डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने ब्रेजा कार और डोडाचूरा जब्त कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 में दोनों मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वैन से जब्त किए ते 255 किलो डोडाचूरा वहीं 26 नवंबर 2025 को तत्कालीन थानाधिकारी मांगीलाल पुलिस टीम के साथ गश्त और नाकाबंदी कर रहे थे। उन्होंने चांदोली निवासी सुनील पिता रामलाल मेघवाल के पास से एक टीयूवी-300 और एक ईको वैन की तलाशी ली। दोनों गाड़ियों से कुल 255 किलो 245 ग्राम अवैध डोडाचूरा मिला था। पुलिस ने मौके से सुनील को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन आरोपी जीवनलाल मीणा फरार हो गया था।