फलोदी में नगरीय निकाय आम चुनाव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में चुनाव से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न कराने के लिए जरूरी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव से संबंधित प्रत्येक काम को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। अधिकारी अपने-अपने विभागों से जुड़े चुनावी कार्यों की लगातार समीक्षा करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतें। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम कर चुनावी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। 11 सितंबर को मतदान, 14 को मतगणना बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव के तहत 11 सितंबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। वहीं 14 सितंबर को मतगणना होगी। उन्होंने मतदान और मतगणना से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने और चुनाव आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने को कहा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर उपलब्ध होनी चाहिए। इसके साथ ही मतदान केंद्रों पर ऐसा माहौल बनाया जाए, जिससे दिव्यांग और अन्य मतदाता बिना किसी परेशानी के आसानी से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। 100% मतदान के लक्ष्य पर जोर बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले में 100 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य हासिल करने के लिए स्वीप गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। विशेष रूप से युवा, महिला, दिव्यांग और अन्य मतदाता समूहों तक मतदान का संदेश पहुंचाने पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने जागरूकता कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा करने और स्वीप गतिविधियों को प्रभावी तरीके से संचालित करने के निर्देश भी दिए। ये अधिकारी रहे मौजूद बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका तलानिया, एसीईओ गौतम चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।