फलोदी में दो नगरीय निकायों के लिए ईवीएम आवंटित की गई है। जिले में कुल 61 मतदान केंद्रों के लिए 80 बैलेट यूनिट और 80 कंट्रोल यूनिट का आवंटन किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को कलक्ट्रेट में ईवीएम मशीनों का अंतिम रेंडमाइजेशन किया गया। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। फलोदी को 54 और बाप के लिए 26 बैलेट यूनिट आवंटित इस अंतिम रेंडमाइजेशन में जिले के फलोदी नगर परिषद और बाप नगर पालिका के 61 मतदान केंद्रों के लिए ईवीएम आवंटित की गईं। कुल 80 बैलेट यूनिट (बीयू) और 80 कंट्रोल यूनिट (सीयू) का आवंटन किया गया। नगर परिषद फलोदी के 41 मतदान केंद्रों के लिए 54 बैलेट यूनिट और 54 कंट्रोल यूनिट दी गईं। वहीं, नगर पालिका बाप के 20 मतदान केंद्रों के लिए 26 बैलेट यूनिट और 26 कंट्रोल यूनिट आवंटित की गईं। जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार सिंह ने बताया कि नगरीय निकाय आम चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार सभी जरूरी इंतजाम समय पर किए जा रहे हैं। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका तलानिया, फलोदी रिटर्निंग ऑफिसर पूजा चौधरी, बाप रिटर्निंग ऑफिसर सत्यनारायण विश्नोई और संयुक्त निदेशक अशोक आसेरी समेत कई अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।