फलोदी में नगरीय निकाय आम चुनाव को देखते हुए समाज कल्याण अधिकारी मगराज कटारिया ने सांसी बस्ती के सामुदायिक भवन में घुमंतू समुदाय के मतदाताओं से बात की। उन्होंने सभी मतदाताओं से मतदान के दिन अपने वोट का इस्तेमाल करने की अपील की। कटारिया ने मतदाताओं से कहा कि वे खुद भी वोट डालें और दूसरे लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि लोकतंत्र के इस पर्व में हर वोटर की भागीदारी बहुत जरूरी है। अधिकारी ने सभी मतदाताओं से कहा कि वे 11 सितंबर को बिना किसी डर, दबाव या लालच के मतदान केंद्र पर जाकर अपनी समझ से वोट डालें। इस दौरान मतदाताओं को मतदान करने की शपथ भी दिलाई गई। जागरूकता संदेशों के जरिए लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया गया। इस कार्यक्रम में नगर परिषद फलोदी से कनिष्ठ अभियंता इकबाल खान, छात्रावास अधीक्षक संतराम बिश्नोई और मांगीलाल बाला समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।