हनुमानगढ़ के पीलीबंगा-रावतसर रोड पर शनिवार देर शाम हुए सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक 40 वर्षीय व्यक्ति और 6 साल के मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल तीसरे व्यक्ति ने जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, यह हादसा पीलीबंगा-रावतसर रोड पर जीप और स्कूटी के बीच हुई जोरदार टक्कर के कारण हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार सुनील (40) पुत्र ओमप्रकाश, निवासी वार्ड नंबर 22, पीलीबंगा और 6 वर्षीय परी पुत्र राकेश नायक निवासी पीलीबंगा की मौके पर ही मौत हो गई। तीसरे घायल ने जिला अस्पताल में तोड़ा दम हादसे में राकेश पुत्र पीरथा राम गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हनुमानगढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान राकेश ने भी दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि मृतक परी और राकेश पिता-बेटे थे। स्कूटी सवार सुनील और राकेश ईंट-भट्टे पर मजदूरी का काम करते थे। एक ही परिवार के पिता-बेटे और एक अन्य व्यक्ति की मौत से परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है। हादसे की जांच में जुटी पुलिस हादसे की सूचना मिलते ही एएसआई दिनेश कुमार मालिया पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू करवाया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और टक्कर के पीछे क्या कारण रहे, इसे लेकर पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है। एक साथ 3 लोगों की मौत की खबर से पीलीबंगा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।