पोकरण में नगरपालिका चुनाव 2026 के लिए नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन सोमवार को उपखंड कार्यालय में चुनावी गहमागहमी रही। प्रत्याशियों और समर्थकों की भारी भीड़ के बीच दिनभर नामांकन दाखिल किए गए। अंतिम आंकड़ों के अनुसार 116 प्रत्याशियों ने कुल 162 नामांकन पत्र जमा किए हैं। नामांकन के अंतिम दिन सुबह से ही उपखंड कार्यालय के बाहर चुनावी माहौल बना रहा। कई प्रत्याशी ढोल-नगाड़ों और समर्थकों के साथ रैली के रूप में नामांकन दाखिल करने पहुंचे। निर्धारित समय समाप्त होने के बाद रिटर्निंग अधिकारी ने कार्यालय में नए प्रवेश पर रोक लगा दी और अंदर मौजूद प्रत्याशियों की नामांकन प्रक्रिया पूरी करवाई। पोकरण के पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को टिकट नहीं मिला। पोकरण नगरपालिका अध्यक्ष पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। इसके चलते महिला प्रत्याशियों की भागीदारी भी खास रही। वार्ड नंबर 7 से कांग्रेस प्रत्याशी कल्पना रंगा अपनी छोटी बच्चियों के साथ उपखंड कार्यालय पहुंचीं और नामांकन दाखिल किया। उन्होंने बच्चियों को साथ लाकर नारी सशक्तिकरण और बेहतर भविष्य के लिए उन्हें प्रेरित करने का संदेश दिया। 1 सितंबर को होगी नामांकन पत्रों की जांच नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब 1 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। जांच के बाद वैध प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट होगी। इसके बाद नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने पर पोकरण नगरपालिका के विभिन्न वार्डों में भाजपा, कांग्रेस, निर्दलीय और अन्य प्रत्याशियों के बीच वास्तविक मुकाबले की तस्वीर सामने आएगी।