प्रतापगढ़ थाना पुलिस और डीएसटी की टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एक्शन लेते हुए 8.92 ग्राम अवैध एमडी जब्त की है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से भाग निकला। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, एसआई लक्ष्मणलाल अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। तभी बरखेड़ी रोड पर एक पोल्ट्री फार्म के पास कच्चे रास्ते के किनारे एक व्यक्ति बैठा दिखा। पुलिस को देखकर वह व्यक्ति मक्का के खेतों की ओर भागने लगा। बीट कांस्टेबल ने उसकी पहचान अखेपुर, थाना प्रतापगढ़ निवासी शाहबाज खां के रूप में की। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। भागते समय शाहबाज खां ने एक पॉलिथीन की थैली रास्ते में फेंक दी। वह मक्का की फसल और झाड़ियों में छिपकर भाग गया। पुलिस ने थैली की तलाशी ली, तो उसमें अवैध एमडी मिली। वजन करने पर एमडी की मात्रा 8.92 ग्राम पाई गई। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी शाहबाज खां के खिलाफ पहले भी मादक पदार्थ तस्करी के कई केस दर्ज हैं।