भरतपुर। नगर निगम के वार्ड नंबर 52 में कांग्रेस टिकट के दावेदार रहे महेश बराखुर ने टिकट नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए समर्थकों के साथ कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर टिकट वितरण में धांधली और पैसों के लेन-देन के गंभीर आरोप लगाए। महेश बराखुर का कहना है कि उन्होंने अपनी पत्नी ममता देवी के लिए वार्ड 52 से कांग्रेस टिकट मांगा था, लेकिन पार्टी ने स्थानीय दावेदारों की अनदेखी करते हुए सिमरन कुमारी को टिकट दे दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि टिकट वितरण से पहले कांग्रेस की ओर से यह शर्त रखी गई थी कि जिस वार्ड से कोई व्यक्ति टिकट मांग रहा है, वह उसी वार्ड का निवासी हो और उसका मकान भी उसी वार्ड में हो। इसके बावजूद उनके अनुसार वार्ड 52 से जिस उम्मीदवार को टिकट दिया गया है, उसका मकान दूसरे वार्ड में है और वार्ड 52 में उसका कोई खास जनाधार नहीं है। महेश बराखुर ने बताया कि वार्ड से करीब पांच लोगों ने टिकट के लिए आवेदन किया था, लेकिन किसी भी स्थानीय दावेदार को टिकट नहीं मिला। उन्होंने टिकट वितरण में पैसों के लेन-देन का आरोप लगाते हुए अपनी पत्नी ममता देवी को वार्ड 52 से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतारने का ऐलान किया है।