राजाखेड़ा नगर पालिका चुनाव 2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार को भारी भीड़ के साथ संपन्न हुई। तीन दिवसीय प्रक्रिया में कुल 149 आवेदन पत्र जमा किए गए। नामांकन के अंतिम दिन निर्वाचन कार्यालय में सुबह 10 बजे से ही विभिन्न वार्डों से आए अभ्यर्थियों, उनके समर्थकों और प्रस्तावकों की लंबी कतारें लग गईं। आवेदन पत्र शाम 3 बजे तक जमा किए गए। निर्वाचन कार्यालय के महावीर सिंह ने बताया कि तीन दिवसीय नामांकन प्रक्रिया में कुल 149 आवेदन पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 27 अगस्त को तीन, 29 अगस्त को 29 और अंतिम दिन 31 अगस्त को सर्वाधिक 117 आवेदन पत्र जमा हुए। सभी आवेदन पत्रों की सूची तैयार की जा रही है। इन आवेदन पत्रों की स्क्रूटनी मंगलवार को की जाएगी। इसके बाद दो दिनों तक नाम वापसी का अवसर रहेगा। 3 सितंबर के बाद राजाखेड़ा नगर पालिका के 35 वार्डों की अंतिम चुनावी तस्वीर साफ हो जाएगी। इस बीच, भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने 35-35 प्रत्याशियों की सूची जारी कर एसडीएम कार्यालय में सौंप दी है। भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष सत्यम गुप्ता और कांग्रेस संगठन महासचिव पूरन चंद जैन ने बताया कि दोनों पार्टियों ने सभी 35 वार्डों से प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। बहुजन समाज पार्टी ने वार्ड नंबर 5 और 9 से दो प्रत्याशी खड़े किए हैं।