बीजेपी शहरी निकाय चुनावों के लिए बुधवार को प्रदेश स्तर का घोषणा पत्र जारी करेगी। प्रदेश स्तर के बाद बीजेपी प्रदेश के हर शहरी निकाय का घोषणा पत्र स्थानीय स्तर पर जारी करेगी। बीजेपी ने निकाय चुनावों के लिए संकल्प पत्र तैयार किया है। इस संकल्प को बीजेपी की गारंटी के तौर पर पेश किया जाएगा। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने घोषणा पत्र को विकास की गारंटी बताते हुए कांग्रेस पर आरोप लगाया तो नेता प्रतिपक्ष टीकराम जूली ने भी पलटवार करते हुए सरकार पर तंज कसे। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा- शहरी निकायों में जिस तरह की आवश्यकता है, उसका सर्वे करवाया है। चुनाव में संकल्प पत्र की समित बनाई , उसने निकाय प्रमुखों से चर्चा की और स्थानीय समस्याओं के बारे में जानकारी ली है। पांच साल में हम शहरी निकायों में जो काम कर सकते हैं उन्हें संकल्प पत्र में शामिल किया है। यह हमारा संकल्प होगा, इसे चाहे पीएम मोदी की गारंटी समझें, चाहे सीएम भजनलाल की गारंटी समझें या बीजेपी की गारंटी समझें। इस संकल्प पत्र के वादों को हम पूरा करेंगे। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने निकाय चुनाव में बीजेपी की जीत का दावा करते हुए कांग्रेस पर कट कमिशन में विश्वास करने का आरोप लगाया। राठौड़ ने कहा- कांग्रेस के निकायों में कट, कमीशन का खेल चलता रहा है। क्योकि कांग्रेस कट कमीशन में विश्वास रखती है और भाजपा जनता की सेवा के मिशन में विश्वास करती है। जो काम कांग्रेस सरकार ने पांच साल में नही किए उनसे अधिक काम 31 महीने के कार्यकाल में किए हैं। विधानसभा चुनावों की तर्ज पर जारी होगा निकायों का घोषणा पत्र बीजेपी विधानसभा चुनावों की तर्ज पर शहरी निकायों का घोषणा पत्र जारी करेगी। प्रदेश स्तर पर जारी होने वाले घोषणा पत्र में शहरी विकास के लिए घोषणाएं होंगी। अगले पांच साल में शहरी विकास के लिए किए जाने वाले कामों का ब्यौरा होगा। शहरों में आरओबी, सड़क और सफाई व्यवस्था से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कामों के वादे होंगे। शहरों में स्मार्ट गवर्नेंस, सिग्नल फ्री ट्रैफिक, स्मार्ट सिटी के वादे बीजेपी के घोषणा पत्र में स्मार्ट सिटी जैसी सुविधाओं के वादे होंगे। जनता से जुड़े कामों के साथ स्मार्ट गवर्नेंस, सिग्नल फ्री ट्रैफिक सहित कई सुविधाओं के वादे किए जाएंगे। हर शहर की मुख्य समस्या के समाधान का वादा बीजेपी ने शहरों की प्रमुख समस्याओं का सर्वे करवाकर उनके आधार पर चुनावी घोषणा पत्र तैयार किया है। प्रदेश स्तर के अलावा हर शहर की प्रमुख समस्याओं और पॉपुलर डिमांड को शामिल किया है। पिछले तीन साल में पर्ची की सरकार में भ्रष्टाचार ने सीमाएं की पार नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मदन राठौड़ के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि पूरा प्रदेश गवाह है कि पिछले लगभग तीन साल में पर्ची और खर्ची की सरकार के राज में भ्रष्टाचार ने तमाम सीमाएं पार कर दी हैं। आज समाज का हर वर्ग किसान, युवा, व्यापारी, महिलाएं पूरी तरह परेशान है। जूली ने कहा- विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक दल ने भाजपा के पापों का घड़ा फोड़ा था, लेकिन जवाब देने के बजाय सत्ता पक्ष के लोग सदन से ही भाग खड़े हुए। भाजपा नेता अपने एसी कमरों से बाहर निकलकर प्रदेश का दौरा करें या केवल सुबह का अखबार उठाकर देख लें, असलियत पता लग जाएगी। पूरा प्रदेश टूटी सड़कों जानलेवा गड्ढों, ख़त्म होने कानून के इक़बाल, खस्ताहाल स्कूल, अस्पतालों की हालत , सड़कों पर कीचड़, बढ़ते अपराध, आसमान छूती महंगाई से बेहाल है। जनता की परेशानियों से ध्यान भटकाने के लिए आरोप लगाने के बजाय भाजपा को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।