राजस्थान हाईकोर्ट, जोधपुर ने लक्षित मामलों के निस्तारण के लिए लागू 'फेज-6' कार्ययोजना वापस ले ली है। हाईकोर्ट ने 2 सितंबर को इस संबंध में पत्र जारी कर सभी न्यायिक अदालतों को इसकी सूचना भेजी है। हनुमानगढ़ बार संघ ने इसे जिले के अधिवक्ताओं के संघर्ष, एकजुटता और सामूहिक प्रयासों की जीत बताया है। बार संघ अध्यक्ष रोहित सिंह खिच्ची ने कहा कि अधिवक्ताओं ने अपने सम्मान, स्वतंत्र पैरवी और न्याय की गुणवत्ता के लिए एकजुट होकर आवाज उठाई थी, जिसका सकारात्मक नतीजा सामने आया है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय बार संघ के सभी अधिवक्ताओं को दिया। अध्यक्ष ने कहा कि अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए संगठन और एकता बनी रहनी चाहिए। बार संघ की ओर से जारी सूचना में बताया गया कि 31 अगस्त से काम बंद होने के कारण अधिवक्ता गुरुवार को अदालतों में पैरवी के लिए तैयार नहीं हो सके। इसके अलावा 4 सितंबर को जन्माष्टमी और 5 सितंबर को सेशन न्यायाधीश के आदेश पर छुट्टी रहेगी। इन हालात को देखते हुए बार एसोसिएशन ने हड़ताल वापस लेते हुए आंदोलन खत्म करने की घोषणा की है। सभी अधिवक्ताओं को निर्देश दिया गया है कि वे 7 सितंबर से न्यायालयों में नियमित रूप से काम करेंगे। अध्यक्ष रोहित सिंह खिच्ची ने सभी अधिवक्ताओं से संगठन की एकता बनाए रखने और अधिवक्ताओं के हितों के लिए इसी प्रकार एकजुट रहने की अपील की है।