राजस्थान में 309 नगरीय निकायों के लिए मंगलवार को रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) ने नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) की। जयपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 111 से कांग्रेस प्रत्याशी ज्वाला प्रसाद का नामांकन खारिज हो गया। वार्ड- 146 में भाजपा ने जिस महिला को प्रत्याशी बनाया, उसने नामांकन फॉर्म ही नहीं भरा। झालावाड़ नगर परिषद में वार्ड- 5 में कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पेंद्र सिंह, वार्ड- 7 में भाजपा प्रत्याशी सागर कहार और वार्ड- 31 में कांग्रेस प्रत्याशी शाहरुख का पर्चा रद्द हो गया। इधर, भीलवाड़ा नगर निगम के 17 कांग्रेस पार्षदों के सिंबल जमा नहीं करवाने के विवाद में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य मनोज पालीवाल ने पार्टी प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने कहा डोटासरा और भीलवाड़ा देहात कांग्रेस नेता महेश सोनी सीधे तौर पर इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार है। निकाय चुनाव को लेकर बड़े अपडेट्स… पूर्व विधायक और एडीएम में बहस: चित्तौड़गढ़ नगर परिषद में नामांकन फॉर्म की स्क्रूटनी के दौरान बीजेपी, कांग्रेस के नेताओं और रिटर्निंग ऑफिसर (RO) के बीच जमकर बहस हो गई। पूर्व कांग्रेस विधायक सुरेंद्र सिंह जाड़ावत ने एडीएम रावतभाटा राजलक्ष्मी गहलोत से कहा- आपको अपनी नौकरी लंबी चलानी है। इस पर एडीएम ने जवाब दिया- आप मेरी नौकरी को चैलेंज नहीं कर सकते और आप अपनी हद पार मत कीजिए। दावा- कांग्रेस के 2 सिंबल गायब हुए: पाली नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने दावा किया कि हमने 65 सिंबल जमा करवाए थे। भाजपा पदाधिकारियों के दबाव में आकर प्रशासन ने कांग्रेस के 2 सिंबल गायब कर दिए। यह लोकतंत्र की हत्या है। कांग्रेस पर्यवेक्षक हेमसिंह शेखावत ने कहा- बीजेपी लोकतंत्र को तोड़ना चाहती है, अधिकारी उनके दबाव में हैं। हमने 3 बजे से पहले सिंबल जमा करवाए और शाम 5 बजे कॉल कर कहते हैं कि दो सिंबल कम है। किशनगढ़ में निर्दलीय प्रत्याशी की मौत: अजमेर जिले की किशनगढ़ नगर परिषद के वार्ड-36 से निर्दलीय प्रत्याशी रिखब रील का निधन हो गया। रिखब सोमवार को सरवाड़ (अजमेर) में बहन के घर गए थे। वहीं अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। निर्दलीय प्रत्याशी पर हमला: धौलपुर नगर परिषद के वार्ड नंबर 26 से निर्दलीय प्रत्याशी कल्पना शर्मा के पति रामू शर्मा पर सोमवार रात 5 लोगों ने हमला कर दिया। वे गंभीर घायल हो गए। भरतपुर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र में निर्दलीय प्रत्याशी हरप्रिया और उनके परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। … पल-पल का अपडेट जानने के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…