स्मार्टफोन गुम या चोरी होना सिर्फ एक डिवाइस खोना नहीं है। मोबाइल में बैंकिंग, यूपीआई, ई-मेल, सोशल मीडिया, ओटीपी और निजी दस्तावेजों की जानकारी रहती है। ऐसे में फोन गुम होते ही तत्काल सही क्रम में कार्रवाई करना जरूरी है। राजस्थान पुलिस साइबर क्राइम शाखा ने आमजन को साइबर ठगी और व्यक्तिगत डेटा के दुरुपयोग से बचाने के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। डीजीपी राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर जारी एडवाइजरी में एडीजी साइबर क्राइम वीके सिंह ने बताया कि मोबाइल गुम होने पर केवल फोन की तलाश करना पर्याप्त नहीं है। उससे जुड़े डिजिटल खातों और सेवाओं को तुरंत सुरक्षित करना भी जरूरी है। फोन गुम होने पर इन 10 तरीकों को फॉलो करें 1. फोन तुरंत रिमोट लॉक करें: एंड्रॉयड में ‘फाइंड माई डिवाइस’ और आईफोन में ‘फाइंड माई आईफोन’ के जरिए फोन को रिमोट लॉक करें। 2. बैंकिंग और यूपीआई सुरक्षित करें: बैंक की आधिकारिक ऐप, वेबसाइट या कस्टमर केयर के जरिए मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और डिजिटल वॉलेट को ब्लॉक या सुरक्षित करवाएं। 3. बैंक खाते पर नजर रखें: खाते में होने वाले ट्रांजेक्शन लगातार जांचते रहें। कोई संदिग्ध लेन-देन दिखे तो तुरंत बैंक को सूचना दें। 4. सिम तत्काल बंद करवाएं: मोबाइल सेवा प्रदाता से संपर्क कर गुम हुए सिम को ब्लॉक करवाएं, क्योंकि नंबर का इस्तेमाल ओटीपी और अकाउंट रिकवरी में हो सकता है। 5. डुप्लीकेट सिम लें: उसी नंबर का रिप्लेसमेंट सिम प्राप्त करें और दोबारा सक्रिय होने के बाद महत्वपूर्ण खातों की सुरक्षा सेटिंग जांचें। 6. सभी महत्वपूर्ण पासवर्ड बदलें: दूसरे सुरक्षित डिवाइस से ई-मेल, सोशल मीडिया और अन्य महत्वपूर्ण खातों के पासवर्ड बदलें। रिकवरी ई-मेल और मोबाइल नंबर भी जांचें। 7. पुराने डिवाइस से लॉगआउट करें: ऑनलाइन खातों में लॉग-इन डिवाइस की सूची जांचकर अनजान या पुराने डिवाइस से लॉगआउट करें। 8. 2FA जरूर चालू रखें: ई-मेल, सोशल मीडिया और अन्य महत्वपूर्ण खातों में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन सक्रिय करें। 9. पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं: मोबाइल गुम या चोरी होने की सूचना नजदीकी पुलिस थाने में दें और मोबाइल का आईएमईआई नंबर सुरक्षित रखें। 10. CEIR पर IMEI ब्लॉक करवाएं : पुलिस शिकायत के बाद सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) के माध्यम से मोबाइल का IMEI ब्लॉक करवाएं, ताकि चोरी या गुम हुए मोबाइल के दुरुपयोग को रोका जा सके। साइबर ठगी हो तो तुरंत 1930 पर करें शिकायत राजस्थान पुलिस ने कहा कि मोबाइल गुम या चोरी होने के बाद साइबर ठगी होने या ठगी के प्रयास की स्थिति में तत्काल नजदीकी पुलिस थाना/साइबर पुलिस थाना, साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें। राजस्थान साइबर हेल्पडेस्क के नंबर 9256001930 और 9257510100 भी जारी किए गए हैं।