राजस्थान समेत पड़ौसी राज्यों में बढ़ते स्वाइन फ्लू (इन्फ्लुएंजा ए एच 1 एन 1) के केसों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। पिछले 27 दिनों में 55 केस सामने आने के बाद विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर जुकाम, बुखार या फ्लू जैसे लक्षण होने पर भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचने और संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में एडवाइजरी जारी कर छोटे बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर या लंबे समय से बीमार लोगों को भी ऐसे एरिया में न जाने और सतर्क रहने की सलाह दी है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी से अब तक कुल 146 केस डिटेक्ट हो चुके है। हालांकि, जितने भी मामले सामने आए है वह सामान्य लक्षण वाले है, इनमें डेथ का अब तक एक भी केस नहीं है। हरियाणा, दिल्ली एनसीआर और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बढ़ते केस और राज्य में बढ़ती मरीजों की संख्या को देखते हुए फ्लू लक्षण से प्रभावित लोगों को भीड़ वाले इलाकों में न जाने की भी सलाह दी है। घातक स्ट्रेन नहीं विशेषज्ञों का कहना है- एच 1एन 1 वायरस के किसी नए या अधिक घातक स्ट्रेन के प्रसार की पुष्टि नहीं हुई है। आईसीएमआर ने बताया- वर्तमान में प्रचलित एच 1एन 1 वायरस पहले से ही सक्रिय है। इसलिए आमजन को घबराने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतना और समय पर डॉक्टरों की सलाह लेकर दवाई लेने की जरूरत बताई है।