सकतपुर| भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व शुक्रवार को कस्बे सहित आसपास के क्षेत्रों में हर्षोल्लास से मनाया गया। दूर-दराज क्षेत्रों से बहनें भाइयों के घर पहुंचीं। पूजा-अर्चना कर भाइयों की कलाई पर राखी बांधी। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया व आरती उतारी। राखी बांधकर सुख-समृद्धि और लंबी उम्र की कामना की। इस मौके पर भाइयों ने बहनों को उपहार दिए। जीवनभर सुख-दुख में साथ रहने का संकल्प लिया। कई परिवारों में दूर रहने वाली बहनों के आने से लंबे समय बाद पारिवारिक मिलन हुआ। रक्षाबंधन को लेकर कस्बे के बाजारों में भी रौनक रही। कई दिन पहले से रंग-बिरंगी राखियों, मिठाइयों, कपड़ों और उपहारों की दुकानें सजी रहीं। पर्व के दिन सुबह से बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही बनी रही। बच्चों और युवतियों में आकर्षक डिजाइन वाली राखियों को लेकर उत्साह रहा।