भंवरगढ़| कस्बे के समीपवर्ती रामपुरिया जागीर गांव की मुख्य सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और पानी जमा होने से ग्रामीणों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। सड़क की हालत लंबे समय से खराब होने के बावजूद अब तक नई सड़क का निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ फैलने से दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा बना रहता है। वहीं पैदल राहगीरों को भी कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार यह गांव की मुख्य सड़क है, जिस पर रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। इसके बावजूद सड़क निर्माण की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा। ग्रामीणों ने प्रशासन और पीडब्ल्यूडी विभाग से मांग की है कि सड़क की स्थिति को देखते हुए नई सड़क निर्माण के लिए जल्द बजट स्वीकृत कराया जाए। सड़क निर्माण के लिए बजट नहीं होने का हवाला देकर समस्या को लंबे समय तक टाला नहीं जाना चाहिए। विभाग और प्रशासन को ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए। इस मामले में पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन सत्यनारायण मीणा ने कहा कि सड़क के नव निर्माण के लिए फिलहाल विभाग के पास कोई बजट उपलब्ध नहीं है। यदि कहीं से बजट बचता है तो इस सड़क निर्माण के संबंध में विचार किया जाएगा।