पाली जिले के रोहट में शनिवार सुबह रामदेवरा जा रही जातरूओं से भरी पिकअप एक्सेल टूटने से पलट गई। हादसा सुबह करीब साढ़े 8 बजे पाली-जोधपुर हाईवे-62 पर लालकी के पास हुआ। पिकअप में सवार करीब 15 जातरू घायल हो गए। इनमें 9 गंभीर घायलों को इलाज के लिए जोधपुर भेजा गया, जबकि 5-6 घायलों को रोहट हॉस्पिटल लाया गया। एक्सेल टूटने से पलटी पिकअप रोहट थानाप्रभारी पाना चौधरी ने बताया कि मध्यप्रदेश के शाहपुरा क्षेत्र के जातरू पिकअप से रामदेवरा दर्शन के लिए जा रहे थे। शनिवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे लालकी के पास पिकअप का एक्सेल टूट गया। इससे गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और पिकअप सड़क पर पलट गई। हादसे में पिकअप भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया हादसे की जानकारी मिलने के बाद हेड कांस्टेबल कंवरराम विश्नोई पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस की मदद से हॉस्पिटल पहुंचाया। 9 गंभीर घायलों को इलाज के लिए जोधपुर रेफर किया गया। वहीं 5-6 घायलों को इलाज के लिए रोहट हॉस्पिटल लाया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त पिकअप को सड़क किनारे करवाया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात फिर से शुरू हो गया। घायलों की चीख-पुकार सुनकर रुके वाहन चालक हादसे के बाद हाईवे पर घायलों की चीख-पुकार मच गई। वहां से गुजर रहे कई वाहन चालक रुक गए और घायलों की मदद की। वाहन चालकों ने पुलिस को फोन कर हादसे की जानकारी दी। इसके साथ ही घायलों को एम्बुलेंस में पहुंचाने में भी मदद की। यह जातरू हुए घायल रामचंद्र (45), गोरधन पुत्र ननूराम (51), बाबूलाल पुत्र गगूलाल (40), राकेश पुत्र अनौखीलाल (30), मगूलाल (45), विक्रम पुत्र जगननाथ (35), अंकित पुत्र गोकुलराम (20), मोहनलाल पुत्र रामनारायण (61), घीसीदेवी (65) घायल हो गए। जिन्हें जोधपुर रेफर किया गया। इसके साथ ही घायल अमरसिंह (55) पुत्र भागीरथ, हेमंत (23) पुत्र जगदीश, संदेश (21) पुत्र राकेश, सोहनसिंह (55) पुत्र रामचंद्र, जगदीश (50) पुत्र अनौखीलाल, शारदा (50) पत्नी प्रहलाद सिंह हादसे में चोटिल हो गए। जिनका रोहट हॉस्पिटल में उपचार किया गया। सभी जातरू एमपी के रहने वाले है।