श्रीगंगानगर में शुक्रवार को मतदान के दौरान पूर्व चेयरमैन से मारपीट के मामले में भाजपा विधायक गुरवीर सिंह बराड़ के चचेरे भाई, गनमैन और ड्राइवर पर केस दर्ज हुआ है। सादुलशहर नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन प्रदीप खीचड़ के बेटे आयुष खीचड़ ने शनिवार को थाने में रिपोर्ट दी गई। सादुलशहर पुलिस ने विधायक के चचेरे भाई गुरबाज सिंह उर्फ अमरवीर, गनमैन गुरसेवक सिंह, विश्वास पूनियां, ड्राइवर कुलवंत कड़वासरा, वार्ड 5 की भाजपा प्रत्याशी शिक्षा झींझा के पति महावीर झींझा, रिश्तेदार संदीप झींझा, धर्मवीर झींझा, जतिन झींझा, गुरजिन्द्र सिंह समेत 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। मामले में वार्ड पांच से भाजपा प्रत्याशी के पति महावीर झींझा की ओर से भी जानलेवा धमकी देने की शिकायत थाने में दी गई है। 3 पॉइंट्स में पढ़िए पूरा घटनाक्रम 1. सभी वार्डों में उतारे निर्दलीय प्रत्याशी: भाजपा के टिकट बांटने से नाराज पूर्व चेयरमैन प्रदीप खीचड़ ने बगावत करते हुए सादुलशहर नगर पालिका के सभी वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में उतारे। उनकी पत्नी मनीषा खीचड़ भी वार्ड नंबर 5 से निर्दलीय प्रत्याशी है। 2. पोलिंग बूथ पर मारपीट, समर्थकों पर लगाया आरोप: शुक्रवार शाम करीब 4 बजे वार्ड नंबर 5 के पोलिंग बूथ पर प्रदीप खीचड़ के साथ मारपीट हुई। खीचड़ के अनुसार, वे पत्नी मनीषा के चुनाव एजेंट के रूप में मतदान केंद्र पहुंचे थे। उन्होंने मारपीट का आरोप भाजपा विधायक गुरवीर सिंह बराड़ के समर्थकों पर लगाया। घटना के बाद शनिवार को उन्होंने अस्पताल में मेडिकल जांच भी कराई। 3. समर्थकों के बीच पहुंचे खीचड़, वीडियो में दी धमकी: मारपीट के बाद खीचड़ शुक्रवार शाम मुख्य बाजार पहुंचे और समर्थकों को संबोधित किया था। सामने आए वीडियो में उन्होंने विधायक के रिश्तेदारों और अन्य लोगों को धमकी देते हुए कहा था कि वे किसी को नहीं छोड़ेंगे और सभी की टांगें तोड़ देंगे। साथ ही उन्होंने समर्थकों से 14 सितंबर तक शांति बनाए रखने की अपील की और थानाधिकारी को नहीं हटाने पर परिणाम के बाद थाने का घेराव करने की चेतावनी दी। ये खबर भी पढ़िए… विधायक के रिश्तेदारों को धमकी, पूर्व चेयरमैन बोले- भगा-भगाकर मारूंगा:रिजल्ट तक समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील; सादुलशहर में 86.70% वोटिंग श्रीगंगानगर जिले में निकाय चुनाव के दौरान सादुलशहर के बूथ नंबर 5 पर निर्दलीय प्रत्याशी के पति और पूर्व चेयरमैन प्रदीप खीचड़ पर हमला हुआ। इसके बाद मुख्य बाजार में खीचड़ ने विधायक गुरवीर सिंह बराड़ के रिश्तेदारों को खुलेआम भगा-भगाकर मारने की धमकी दे डाली। पूरी खबर पढ़िए