जोधपुर के सुरसागर में देर रात दो युवकों को पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौत हो गई। दोनों बाबा रामदेवरा मेले में आने वाले जातरुओं की सेवा कर लौट रहे थे। ईवी स्कूटर पर सवार थे। इस दौरान कार ने एक अन्य बाइक को भी चपेट में लिया, जिस पर सवार तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद महेंद्र भील ने थाने रिपोर्ट देकर बताया कि गोयलों की ढाणी के पास शुक्रवार देर रात 12 बजे एक कार ने ईवी ओर मोटर साइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में मेरे भाई ओर एक रिश्तेदार की मौत हो गई। पुलिस ने कार ड्राइवर को पकड़ा थाना अधिकारी हरीश सोलंकी ने बताया- मृतक की पहचान अजय (25) और उम्मेद (18) के रूप में हुई है। दोनों सोजती गेट भील बस्ती के रहने वाले थे। उम्मेद अपनी मौसी के पास रहने आया था। दोनों अपने साथियों के साथ रामदेवरा मेले में आने वाले जातरुओं की सेवा करने के लिए गए थे। वापस एक कट पर मुड़ने के दौरान कार चालक ने टक्कर मार दी। मामले में कार ड्राइवर केशर सिंह निवासी बनाड़ को पकड़ लिया है।