डूंगरपुर जिले की सागवाड़ा नगरपालिका के कुल 35 वार्डों में भाजपा, कांग्रेस, बीएपी और निर्दलीय उम्मीदवारों को मिलाकर कुल 99 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इनमें 12 वार्ड ऐसे हैं, जहां भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है, जबकि 18 वार्डों में भाजपा, कांग्रेस और बीएपी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा। वहीं कुछ वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों की मौजूदगी ने मुकाबले को और रोचक बना दिया है। सबसे बड़ी चुनौती भाजपा के सामने अपने ही बागियों की है। टिकट नहीं मिलने से नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं ने 12 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर ताल ठोक दी है। ऐसे में इन वार्डों में भाजपा के वोटों के बंटवारे का असर चुनावी नतीजों पर पड़ सकता है। इन 12 वार्डों में भाजपा के सामने बागियों की चुनौती सागवाड़ा नगरपालिका चुनाव में भाजपा के लिए सबसे बड़ी चुनौती पार्टी के भीतर से सामने आई है। टिकट नहीं मिलने से नाराज कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने बगावत करते हुए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया है। वार्ड संख्या 1, 6, 7, 9, 13, 17, 18, 19, 20, 25 और 33 में भाजपा के बागी प्रत्याशी पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों के सामने चुनाव लड़ रहे हैं। इन बागियों के मैदान में होने से भाजपा के सामने सबसे बड़ा सवाल अपने परंपरागत वोट बैंक को एकजुट रखने का है। हालांकि भाजपा नेता बागियों के चुनाव मैदान में उतरने से पार्टी को किसी बड़े नुकसान से इनकार कर रहे हैं।