धौलपुर के सैपऊ नगर पालिका में 9 सितंबर को निकाय चुनाव होने हैं। इसे देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में कराने के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। शुक्रवार शाम को सैंपऊ कस्बे में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। इसका मकसद लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाना और असामाजिक तत्वों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी देना था। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस जवानों ने नगर पालिका क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, मुख्य मार्गों और गली-मोहल्लों में पैदल मार्च किया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे बिना किसी डर या दबाव के मतदान करें। अधिकारियों ने साफ किया कि चुनाव प्रक्रिया में रुकावट डालने, मतदाताओं को डराने-धमकाने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। सीओ मनोहर लाल मीणा ने बताया कि 9 सितंबर को सैपऊ नगर पालिका के चुनाव हैं। इन्हें शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने सभी जरूरी तैयारियां कर ली हैं। संवेदनशील इलाकों में खास निगरानी रखी जा रही है। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है।