सलूंबर नगर परिषद चुनाव के बीच कांग्रेस ने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ रहे नेता महिपाल खेतावत (जैन) के खिलाफ कार्रवाई की है। जिला कांग्रेस कमेटी ने उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के लिए निलंबित कर दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, नगर परिषद सलूंबर के वार्ड नंबर-2 से कांग्रेस ने नरेश जैन को अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। इसके बावजूद महिपाल खेतावत (जैन) ने कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया और चुनाव मैदान में उतर गए। पार्टी ने इसे अनुशासन के खिलाफ माना और संगठनात्मक कार्रवाई की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर कार्रवाई जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष परमानन्द मेहता एडवोकेट और संगठन महासचिव गणेश एन. मेहता एडवोकेट के हस्ताक्षर से जारी प्रेस नोट में 6 साल के निलंबन की जानकारी दी गई है। जिला कांग्रेस कमेटी के मुताबिक यह कार्रवाई राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के निर्देश पर की गई है। 4 सितंबर 2026 को जारी प्रेस नोट में कहा गया कि पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय के तौर पर नामांकन दाखिल करना पार्टी अनुशासन का उल्लंघन है।