रक्षाबंधन के अवसर पर शुक्रवार को सलूंबर जिला कारागृह में भाई-बहन के मिलन का दृश्य देखने को मिला। सुबह से ही जेल के गेट पर बहनों की आवाजाही शुरू हो गई थी। हाथों में राखी लिए बहनें अपने भाइयों से मिलने पहुंचीं और उनकी कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन का त्योहार मनाया। कारागृह की चारदीवारी के भीतर बंद भाइयों के लिए यह दिन विशेष रहा। बहनों ने राखी बांधते हुए उनके सुखद भविष्य और जल्द घर लौटने की कामना की। इस दौरान कई बहनों की आंखें नम हो गईं। जेल प्रशासन ने दूर-दराज से आने वाली बहनों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए। कारागृह परिसर के बाहर बैठने और पीने के पानी की व्यवस्था की गई थी। महिला आगंतुकों की सहायता और व्यवस्था बनाए रखने के लिए महिला कॉन्स्टेबलों को भी तैनात किया गया। पानी और बैठने की व्यवस्था की, कॉन्स्टेबल भी तैनात किए जिला कारागृह के डीएसपी श्रीमोहन मीणा ने बताया कि सलूम्बर कारागृह में रक्षाबंधन का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में बहनें अपने भाइयों को राखी बांधने पहुंचीं। डीएसपी मीणा ने बताया कि बहनों के लिए बाहर पानी और बैठने की व्यवस्था की गई थी, साथ ही महिला कॉन्स्टेबल भी तैनात की गई थीं ताकि किसी को कोई परेशानी न हो। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि यदि किसी भाई को राखी बांधने में कोई दिक्कत आती है, तो उसकी भी व्यवस्था की गई थी। डीएसपी श्रीमोहन मीणा ने कहा कि आज कोई भी बहन बिना अपने भाई की कलाई पर राखी बांधे वापस नहीं जाएगी। रक्षाबंधन के इस अवसर पर सलूम्बर जिला कारागृह के बाहर दिखाई दिया यह दृश्य सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि जेल की दीवारों के बीच भी कायम भाई-बहन के अटूट प्रेम और रिश्तों की मजबूती की तस्वीर पेश करता नजर आया।