हनुमानगढ़ जिले की संगरिया थाना पुलिस ने हेरोइन सप्लाई करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने बताया कि 10 जुलाई को उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद की टीम ने गश्त और नाकाबंदी के दौरान संगरिया कस्बे से रमेश कुमार (37) पुत्र हनुमान प्रसाद नायक, निवासी वार्ड नंबर 01 संगरिया को 6.27 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) के साथ पकड़ा था। इस संबंध में संगरिया थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच और पूछताछ में रमेश कुमार ने पुलिस को बताया कि उसने यह हेरोइन शफीक मोहम्मद उर्फ शिक्का, निवासी गुड़िया से खरीदी थी। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में हेरोइन सप्लाई करने वाले की तलाश शुरू की। अब पुलिस टीम ने जिसकी तलाश थी, उस आरोपी शफीक मोहम्मद उर्फ शिक्का (31) पुत्र अब्दुल रज्जाक उर्फ चिंदा, निवासी वार्ड नंबर 09 गुड़िया, तहसील और थाना टिब्बी, जिला हनुमानगढ़ को गिरफ्तार कर लिया है।