करौली के सपोटरा-रामठरा सड़क मार्ग पर अंजनी स्कूल के पास 11 केवी बिजली लाइन का तार टूटकर बारिश के पानी में गिर गया। इस घटना में करंट लगने से एक दुधारू भैंस और एक पड़िया की मौत हो गई। हादसे के दौरान पृथ्वी मीना का परिवार और स्कूली बच्चों को ले जा रहा एक टेम्पो बाल-बाल बच गए। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के कारण सड़क पर पानी भरा हुआ था। इसी दौरान बिजली का तार टूटकर पानी में गिरा, जिससे आसपास करंट फैल गया। इसी की चपेट में आने से 2 पशुओं की जान चली गई। परिवार भी करंट की चपेट में आने से बचा घटनास्थल पर पृथ्वी मीना का परिवार भी मौजूद था। आसपास के लोगों ने समय रहते स्थिति को भांप लिया और परिवार को करंट की चपेट में आने से बचा लिया। इसी तरह, स्कूली बच्चों को ले जा रहे एक टेम्पो को भी ग्रामीणों ने समय पर रोककर संभावित बड़े हादसे को टाल दिया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना बिजली विभाग को दी, लेकिन आरोप है कि काफी समय बीतने के बाद भी विभाग के अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे। इससे ग्रामीणों में गहरा रोष है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से टूटे तार को तत्काल ठीक कराने, प्रभावित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद करने और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।