नागौर | राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, अलाय में जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय, नागौर के मार्गदर्शन में महिला आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी व प्रधानाचार्य जीवराज सोनी ने बताया कि यह छह दिवसीय प्रशिक्षण 31 अगस्त से 05 सितंबर तक चलेगा। पुलिस विभाग की प्रशिक्षक कांस्टेबल सीमा विश्नोई और कांस्टेबल सुमित्रा ने बालिकाओं को सतर्क रहने, जोखिम को पहचानने और सुरक्षित व्यवहार अपनाने के बारे में जानकारी दी। प्रशिक्षकों ने बताया कि सत्रों में शारीरिक, मानसिक और संवैधानिक पहलुओं पर समझ विकसित कराई जाएगी, साथ ही शारीरिक दक्षता बढ़ाने वाली गतिविधियां भी कराई जाएंगी, ताकि छात्राएं आत्मविश्वास के साथ स्वयं की सुरक्षा कर सकें। विद्यालय स्टाफ ने दोनों प्रशिक्षकों का तिलक लगाकर स्वागत किया। इस अवसर पर पूजा विश्नोई, पूजा सोनी भी बालिकाओं के साथ उपस्थित थीं। उद्घाटन सत्र का मंच संचालन शरद कुमार जोशी ने किया।