शिवगंज नगर पालिका चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। शनिवार को विभिन्न वार्डों के दावेदारों ने वार्डवासियों के साथ रैली निकालकर रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इस दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया। खास बात यह रही कि रैलियों में बाहरी भीड़ के बजाय वार्ड के मतदाता ही बड़ी संख्या में शामिल हुए। नामांकन रैलियों की शुरुआत प्रथम पूज्य भगवान गणपति की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद भगवान गजानंद और मां अंबे की पूजा कर रैलियां आगे बढ़ीं। इसके बाद वार्डवासी और समर्थक उपखंड कार्यालय पहुंचे, जहां दावेदारों ने रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। समर्थकों ने अपने उम्मीदवारों को जनसमर्थन मिलने का दावा किया। हालांकि, चुनावी तस्वीर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने और प्रत्याशियों के मैदान में उतरने के बाद ही स्पष्ट होगी, लेकिन नामांकन के साथ ही वार्डों में चुनावी माहौल बनने लगा है। रैली में शामिल वार्डवासियों का कहना था कि भले ही अब कोई भी पार्षद पद के चुनावी मैदान में उतरे हैं, लेकिन वार्ड की समस्याओं को लेकर वे पहले से ही सक्रिय रहे हैं। लोगों के अनुसार, स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों और विभागों तक आवाज पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। ऐसे में आगामी दिनों में प्रत्याशियों के जनसंपर्क, उठाए गए मुद्दों और मतदाताओं के रुख पर सभी की नजर रहेगी।